अमखेरा के कैफे में युवती से दुष्कर्म का आरोप

 


संचालक समेत तीन पर केस, दो गिरफ्तार; मुख्य आरोपी फरार

जबलपुर। शहर में संचालित कुछ कैफे एक बार फिर कानून-व्यवस्था के सवालों के केंद्र में हैं। ताज़ा मामला आधारताल थाना क्षेत्र के अमखेरा इलाके का है, जहां एक कैफे के बंद केबिन में युवती के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप सामने आया है। पुलिस ने कैफे संचालक सहित तीन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार है।
चाय पिलाने के बहाने ले गया कैफे

पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका परिचित जुनैद खान उसे चाय पिलाने के बहाने अमखेरा स्थित ‘नाइस कैफे’ ले गया। कैफे में पर्दों से ढंके अलग-अलग केबिन बने हुए थे। आरोप है कि आरोपी युवती को एक ऐसे ही बंद केबिन में ले गया और उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरदस्ती की।

घटना के बाद पीड़िता सीधे थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
देर रात छापा, आपत्तिजनक सामग्री बरामद

शिकायत के आधार पर पुलिस ने देर रात नाइस कैफे पर छापा मारा। जांच के दौरान कैफे से आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस ने कैफे संचालक दीपक चौधरी और उसके एक साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद दोनों को बुधवार को कोर्ट में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

मुख्य आरोपी जुनैद खान फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पर्दादार केबिन पर पहले भी मिल चुके थे निर्देश

थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे के अनुसार, कैफे में बनाए गए केबिन बाहर से पूरी तरह बंद कमरों की तरह थे। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी शहर के कैफे संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि बंद या पर्दादार केबिन न बनाए जाएं और परिसर को खुला रखा जाए, ताकि किसी प्रकार की अवैध गतिविधि की गुंजाइश न रहे। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन पाया गया।

पुलिस का कहना है कि शिकायत में कैफे संचालक की भूमिका को भी गंभीरता से लिया गया है, क्योंकि घटना उसी द्वारा उपलब्ध कराई गई केबिन व्यवस्था में हुई।

Post a Comment

Previous Post Next Post