धनवंतरी नगर चौराहे पर अतिक्रमण कार्रवाई के दौरान हंगामा, अधिकारी का वीडियो वायरल



जबलपुर। संस्कारधानी के धनवंतरी नगर चौराहे पर नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई उस समय विवादों में घिर गई, जब मौके पर मौजूद एक युवक और अतिक्रमण शाखा के अधिकारी ब्रिज तिवारी के बीच तीखी बहस हो गई। घटनास्थल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे मामले को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

वायरल वीडियो में अधिकारी ब्रिज तिवारी एक स्थानीय युवक से उलझते हुए दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि बहस के दौरान अधिकारी ने युवक का कॉलर पकड़कर उसे झकझोरा और कथित रूप से धमकी भी दी। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से प्रसारित हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नगर निगम की टीम क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। देखते ही देखते माहौल गरमा गया और मौके पर भीड़ जमा हो गई।

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने प्रशासनिक आचरण पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सार्वजनिक स्थल पर इस प्रकार की भाषा और व्यवहार न केवल अनुचित है, बल्कि इससे प्रशासन की छवि भी प्रभावित होती है। नागरिकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारी तय किए जाने की मांग की है।

फिलहाल इस संबंध में नगर निगम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि वायरल वीडियो के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। अब देखना यह होगा कि इस मामले में उच्च अधिकारी क्या रुख अपनाते हैं और संबंधित अधिकारी के आचरण पर क्या कार्रवाई होती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post