कटनी-रीठी मार्ग पर भीषण टक्कर, मार्शल के उड़े परखच्चे; कई गंभीर



कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी जिले में बुधवार 25 फरवरी की दोपहर लगभग 12 बजे कटनी-रीठी सड़क मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रीठी से कटनी की ओर आ रही एक मार्शल वाहन और सामने से आ रहे पिकअप के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि मार्शल गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मार्शल वाहन क्रमांक एमपी 21 जेडएच 3719 में सवार यात्रियों को गहरी चोटें आई हैं। हादसे में दोनों वाहनों के चालकों की हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है। टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों व स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।

एम्बुलेंस से पहुंचाया जिला अस्पताल

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार देते हुए जिला चिकित्सालय कटनी के लिए रवाना किया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलने पर संबंधित थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। प्रारंभिक जांच में आमने-सामने की टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post