जबलपुर। संपत्ति कर (प्रॉपर्टी टैक्स) की लंबित राशि को लेकर कैंट बोर्ड प्रशासन ने अब सख्त रुख अपना लिया है। लगातार नोटिस देने के बावजूद कर जमा नहीं करने वाले व्यापारिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में बुधवार सुबह सदर मेन रोड स्थित मधु कलश स्वीट्स को सील कर दिया गया।
राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान को सील किया और बकाया टैक्स जमा न करने पर अग्रिम कार्रवाई की चेतावनी संबंधी नोटिस भी चस्पा किया।
नोटिस के बाद भी नहीं हुआ भुगतान
राजस्व विभाग के आशीष वर्मा ने बताया कि कैंट बाजार क्षेत्र में कई बड़े बकायादार लंबे समय से संपत्ति कर जमा नहीं कर रहे थे। कैंट बोर्ड के सीईओ राजीव कुमार के निर्देश पर ऐसे प्रतिष्ठानों को पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे और निर्धारित समय सीमा में भुगतान करने को कहा गया था।
हालांकि तय समयावधि में कर जमा नहीं किए जाने पर अब सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है।
सदर में पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
प्रशासन इससे पहले सदर बाजार क्षेत्र के दो भवनों को भी सील कर चुका है। बुधवार को सदर मेन रोड स्थित मधु कलश स्वीट्स (रमेश गुप्ता/रजनीश गुप्ता, मकान नंबर 24-11) को बकाया टैक्स के चलते सील किया गया।
रांझी में भी लॉज पर ताला
इसी तरह रांझी मेन रोड स्थित मेमोरी लॉज शॉप (आरती जायसवाल, मकान नंबर 307) को भी संपत्ति कर बकाया होने के कारण सील कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग के आशीष वर्मा, जाहिद अंसारी, मिथलेश यादव और खेमराज मीना सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
