छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। अमरवाड़ा स्थित पौनार संकुल अंतर्गत एकीकृत माध्यमिक शाला लखनवाड़ा में एक शिक्षक के शराब के नशे में स्कूल पहुंचने से जमकर हंगामा हो गया।
जानकारी के अनुसार, माध्यमिक शाला में छात्र-छात्राएं कक्षा में बैठकर शिक्षक का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान संबंधित शिक्षक लड़खड़ाते हुए स्कूल पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शिक्षक इतनी अधिक नशे की हालत में थे कि ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। बच्चों के सामने ही उन्होंने अपनी पैंट में पेशाब कर दी और लड़खड़ाते हुए बैठ गए। इस दृश्य से कक्षा में मौजूद छात्र स्तब्ध रह गए।
अभिभावकों में आक्रोश
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंच गए। उन्होंने छात्रों से पूछताछ की, जिसमें बच्चों ने पुष्टि की कि शिक्षक शराब के नशे में स्कूल आए थे।
अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए संबंधित शिक्षक पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं बच्चों के मानसिक और नैतिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं।
जांच टीम मौके पर पहुंची
मामले की सूचना बीईओ अनुराग मिश्रा और बीआरसी विनोद वर्मा को दी गई। इसके बाद पौनार संकुल के प्रभारी प्राचार्य सहित दो जनशिक्षकों की टीम को जांच के लिए स्कूल भेजा गया।
सूत्रों के अनुसार, जांच टीम के पहुंचने पर भी शिक्षक नशे की हालत में पाए गए और संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। मौके पर प्रतिवेदन तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को सौंप दिया गया है।
डीईओ का बयान
इस संबंध में डीईओ जीएस बघेल ने बताया कि बीईओ से रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। प्रतिवेदन के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
