जबलपुर से सागर तक फरारी: नर्स दीपशिखा हत्याकांड के आरोपी पर 10 हजार का इनाम घोषित

 


जबलपुर/सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले के शाहगढ़ में नर्स दीपशिखा की गोली मारकर हत्या करने वाले फरार आरोपी सुशील चढ़ार पर पुलिस अधीक्षक ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। वारदात के सात दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिसके चलते सागर पुलिस ने जबलपुर में संभावित ठिकानों पर दबिश देना तेज कर दिया है।

सात दिन बाद भी गिरफ्त से दूर आरोपी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 4 फरवरी की रात शाहगढ़ में ड्यूटी पर जा रही नर्स दीपशिखा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से ही आरोपी फरार है और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है। सागर से लेकर जबलपुर तक पुलिस टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई हैं।

ड्यूटी पर जाते समय किया हमला

जानकारी के मुताबिक, 4 फरवरी की रात नर्स दीपशिखा की ड्यूटी रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक थी। वह अपने रूम से पैदल अस्पताल जा रही थीं। अस्पताल के गेट के पास आरोपी ने उनका हाथ पकड़ लिया। विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और जेब से कट्टा निकालकर तीन फायर किए।

एक गोली मिस हो गई, जबकि दो गोलियां उनकी पीठ पर, दिल के ठीक पीछे लगीं। गंभीर रूप से घायल नर्स की मौके पर ही मौत हो गई।

पनागर स्थित घर और रिश्तेदारों के यहां दबिश

सागर पुलिस की टीम जबलपुर पहुंची और पनागर स्थित आरोपी के घर समेत रिश्तेदारों के घरों पर दबिश दी। परिजनों से पूछताछ भी की गई, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। पाटन और पनागर थाना पुलिस भी तलाश में सहयोग कर रही है।

एकतरफा प्रेम बना हत्या की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सुशील चढ़ार मृतका का रिश्ते में मौसी का बेटा लगता था। वह नर्स से एकतरफा प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था। पुलिस के अनुसार, इसी एकतरफा प्रेम के चलते उसने हत्या जैसी जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post