जबलपुर में प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप जब्त, 4,800 बोतलें बरामद

 


क्राइम ब्रांच व माढ़ोताल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 8.64 लाख की खेप पकड़ी गई

जबलपुर। शहर में नशे के कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए क्राइम ब्रांच और थाना माढ़ोताल पुलिस की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित मैक्काटस कफ सिरप (कोडीन फॉस्फेट युक्त) की बड़ी खेप जब्त की है। कार्रवाई में कुल 4,800 बोतलें बरामद की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख 64 हजार रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई कटंगी रोड स्थित व्ही.आर.एल. ट्रांसपोर्ट, टाटा शोरूम के पास की गई।

मुखबिर की सूचना पर दबिश

थाना प्रभारी माढ़ोताल वीरेन्द्र सिंह पवार के अनुसार, क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप रखी हुई है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्राइम ब्रांच, माढ़ोताल पुलिस और ड्रग निरीक्षक देवेन्द्र जैन की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान व्ही.आर.एल. ट्रांसपोर्ट के कैशियर सुमित यादव (25), निवासी ग्राम बेला, जिला वाराणसी (उ.प्र.), वर्तमान निवासी चुंगी नाका साई डेयरी के पास से दस्तावेज और अन्य जानकारी प्राप्त की गई।

देहरादून से दमोह के नाम बुक थी खेप

जांच में सामने आया कि यह खेप मैक्काक्योर फार्मासिस्ट, देहरादून (उत्तराखंड) से हिमांशु झा द्वारा 5 फरवरी 2026 को मेसर्स सचिन मेडिकोज, ग्राम गुबरा, थाना जबेरा, जिला दमोह के नाम से बुक करवाई गई थी।

कुल 40 कार्टून में पैक 4,800 बोतल मैक्काटस कफ सिरप ट्रांसपोर्ट के माध्यम से भेजी गई थी, जिसकी डिलीवरी 16 फरवरी को ली जानी थी।

नशे के रूप में होता है दुरुपयोग

ड्रग निरीक्षक देवेन्द्र जैन ने बताया कि कोडीन युक्त कफ सिरप का नशे के रूप में दुरुपयोग किया जाता है। इसके विक्रय और वितरण पर सख्त नियंत्रण के निर्देश हैं। निर्धारित सीमा से अधिक मात्रा में भंडारण और परिवहन अवैध श्रेणी में आता है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने मौके से पूरी खेप जब्त कर सुमित यादव, मेसर्स सचिन मेडिकोज (दमोह), हिमांशु झा और मैक्काक्योर फार्मासिस्ट (देहरादून) के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8बी, 21, 22 तथा म.प्र. ड्रग कंट्रोल एक्ट की धारा 5/13 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और यह भी जांच की जा रही है कि खेप का उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था।

Post a Comment

Previous Post Next Post