1200 की रिश्वत में ‘फंसा’ शिक्षक-लेखापाल: लोकायुक्त ने रंगे हाथों पकड़ा




60 हजार वेतन के बावजूद लालच भारी; क्रमोन्नति फाइल बढ़ाने के नाम पर मांग रहा था रिश्वत


सतना।मध्य प्रदेश के सतना जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ रीवा लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक माध्यमिक शिक्षक सह प्रभारी लेखापाल को मात्र ₹1200 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंगलवार 31 मार्च की दोपहर रामपुर बाघेलान क्षेत्र के सज्जनपुर संकुल केंद्र में की गई। आरोपी की पहचान महेंद्र पांडेय के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि आरोपी का मासिक वेतन 60 हजार रुपये से अधिक है, इसके बावजूद उसने छोटी सी रकम के लालच में अपनी नौकरी और प्रतिष्ठा दोनों को दांव पर लगा दिया।

क्रमोन्नति फाइल के नाम पर मांग रहा था पैसे
आरोपी महेंद्र पांडेय पर ग्राम बरहा प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ शिक्षक मनोज प्रताप सिंह से क्रमोन्नति (प्रमोशन) संबंधी फाइल आगे बढ़ाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
इससे परेशान होकर शिक्षक मनोज प्रताप सिंह ने लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत दर्ज कराई थी।

योजना बनाकर दबिश, मौके पर गिरफ्तारी
शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त टीम ने सुनियोजित ट्रैप प्लान तैयार किया। मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे टीम ने सज्जनपुर स्थित विद्यालय में दबिश दी।
जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से ₹1200 की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा।

कार्रवाई के दौरान आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए गए हैं और आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इसके बाद लोकायुक्त टीम आरोपी को अपने साथ रीवा ले गई, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

एसपी ने की पुष्टि
लोकायुक्त एसपी सुनील पाटीदार ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया और एस. राम मरावी सहित अन्य टीम सदस्य शामिल रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post