चुंगी चौकी से कांचघर चौक के बीच वारदात, छोटू चौबे गैंग के गुर्गों पर आरोप
जबलपुर। शहर में आपराधिक गतिविधियों का ग्राफ एक बार फिर चिंता बढ़ाने लगा है। घमापुर थाना क्षेत्र के चुंगी चौकी से कांचघर चौक के बीच सोमवार रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई। इस वारदात ने इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक यश थराट को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोली चलने की आवाज से पूरा क्षेत्र दहल उठा और लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
घटना की सूचना मिलते ही घमापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
घमापुर थाना प्रभारी दिनेश गौतम के मुताबिक, सोमवार रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच बाबू सिंधी और निखिल कंजा नामक बदमाशों ने यश थराट पर फायरिंग की। दोनों आरोपी कथित तौर पर छोटू चौबे गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यश थराट और बाबू सिंधी के बीच पिछले एक वर्ष से विवाद चला आ रहा था, जो इस हिंसक घटना का कारण बना।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
