बारात में विवाद बना जानलेवा: घोड़ी हटाने की कहासुनी में युवक की हत्या



हनुमानताल क्षेत्र में देर रात वारदात, धारदार हथियारों से हमला; एक घायल, पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लिया

जबलपुर।शहर के हनुमानताल थाना क्षेत्र में एक बारात का माहौल उस वक्त खूनखराबे में बदल गया, जब मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। हड्डी गोदाम के पास देर रात करीब 12:30 बजे हुई इस वारदात में 24 वर्षीय मोहम्मद सादिल उर्फ मोनू की धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य युवक के घायल होने की भी खबर है।

पुलिस के अनुसार, घटना स्लाटर हाउस के समीप उस समय हुई जब बारात के दौरान घोड़ी हटाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि मोनू बारात में घोड़ी उपलब्ध कराने का काम करता था। इसी दौरान उसकी कहासुनी जीशान नामक युवक से हो गई, जो धीरे-धीरे हिंसक झड़प में बदल गई।

घटना के बाद गंभीर रूप से घायल मोनू को परिजन तत्काल जिला चिकित्सालय विक्टोरिया लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

वहीं परिजनों का आरोप है कि बारात से लौटने के बाद मोनू घोड़ी बांधकर घर जा रहा था, तभी रास्ते में 5-6 लोगों ने उसे घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। इस हमले में धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

हनुमानताल थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post