करमचंद चौक में भीषण आग: 3 मंजिला इमारत जलकर खाक, 8 घंटे तक दहशत में रहा शहर



जबलपुर। शहर के व्यस्ततम कारोबारी और रिहायशी इलाके करमचंद चौक में सोमवार रात अचानक भड़की आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। म्यूजिक शो रूम और कपड़ा कलेक्शन के गोदाम में लगी इस आग ने पूरी 3 मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि आग संभवतः शॉर्ट सर्किट के कारण रात करीब 10 बजे भड़की। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान और गोदाम में रखा लाखों का सामान जलने लगा और आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।

 40 फायर ब्रिगेड गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के लिए लगातार प्रयास शुरू किए। आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि करीब 40 गाड़ियों का पानी झोंकना पड़ा। रात करीब 2 बजे हाईटेक फायर वाहन को बुलाया गया, जिसने चारों ओर से पानी की बौछार कर आग को काबू में किया।

फायर अमला सुबह 4 बजे तक लगातार मशक्कत करता रहा। इस दौरान 4 थानों की पुलिस, बिजली विभाग के कर्मचारी और जनप्रतिनिधि भी मौके पर डटे रहे।

 सुबह फिर भड़की आग, एक घंटे में पाया काबू

हालांकि, सुबह करीब 9 बजे गोदाम के ऊपरी हिस्से में एक बार फिर आग भड़क उठी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस फिर सक्रिय हुई और करीब एक घंटे में आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।

 2 करोड़ से अधिक का नुकसान

म्यूजिकल पैलेस और सिमराज स्पोर्ट्स के संचालक राजेश गंगवानी के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर घर जाने के बाद उन्हें आग की सूचना मिली। जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं। आग कैसे लगी, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।

आग म्यूजिकल पैलेस से फैलकर सरल जैन की अतिथि कलेक्शन तक पहुंच गई, जिससे वहां रखे कपड़े भी जलकर खाक हो गए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस हादसे में 2 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।

 तंग रास्तों ने बढ़ाई मुश्किलें

स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस जगह आग लगी वहां दमकल वाहनों की सीधी पहुंच नहीं होने के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दुकानों में प्लास्टिक, कपड़े और ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती गई और पूरे इलाके में घना धुआं छा गया।

करीब 8 घंटे तक आसपास के रहवासी दहशत में रहे। जिस मार्केट में आग लगी, उसके आसपास कई मकान और अस्पताल भी स्थित हैं, जिससे खतरा और अधिक बढ़ गया था।

Post a Comment

Previous Post Next Post