जबलपुर। शहर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की वारदातों के बीच पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लॉर्डगंज थाना पुलिस ने एक संगठित वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की 12 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 6 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, लॉर्डगंज थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों को देखते हुए गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। थाना प्रभारी नवल आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर कासिम खान (निवासी ग्वालपुर) और फैजान उर्फ तोता (निवासी हनुमानताल) को घेराबंदी कर दबोच लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने शहर के अलग-अलग इलाकों से वाहन चोरी करने की बात कबूल की है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है, जिससे कई और वारदातों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
विशेष टीम की अहम भूमिका
गिरोह को पकड़ने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई थी। इसमें सब इंस्पेक्टर राहुल बघेल, रामेश्वर गोस्वामी, एएसआई राजेश वर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर कुल 12 चोरी की बाइकें बरामद कीं। बरामद वाहनों के इंजन और चेसिस नंबरों का मिलान पुलिस रिकॉर्ड से किया जा रहा है, ताकि उनके असली मालिकों तक पहुंचा जा सके।
कटनी तक फैला गिरोह का नेटवर्क
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि इस गिरोह के तार जबलपुर के बाहर भी जुड़े हुए हैं। बरामद बाइकों में से एक मोटरसाइकिल कटनी जिले से चोरी की गई थी। इससे संकेत मिलता है कि आरोपी अंतर-जिला स्तर पर वाहन चोरी और बिक्री का नेटवर्क चला रहे थे।
पुलिस अब इस बात की पड़ताल में जुटी है कि चोरी के वाहनों को कहां खपाया जाता था और इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और गिरफ्तारियां संभव हैं।
