मैहर। धर्मनगरी मैहर के स्टेशन रोड स्थित प्रसिद्ध रेस्टोरेंट ‘बीकानेर एक्सप्रेस’ गुरुवार रात उस समय विवादों में घिर गया, जब एक ग्राहक की थाली में परोसे गए फ्राइड राइस में जिंदा कीड़ा निकल आया। घटना के बाद रेस्टोरेंट में मौजूद ग्राहकों ने जमकर हंगामा किया और खाद्य सुरक्षा व साफ-सफाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, मैहर निवासी शैलेश तिवारी अपने तीन दोस्तों के साथ रात करीब 10:30 बजे रेस्टोरेंट पहुंचे थे। उन्होंने फ्राइड राइस का ऑर्डर दिया। जैसे ही उन्होंने खाना शुरू किया, चावल के बीच एक काला कीड़ा रेंगता हुआ दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर ग्राहक स्तब्ध रह गए और तुरंत स्टाफ को बुलाकर शिकायत की।
माफी से थमा मामला, लेकिन सवाल बरकरार
थाली में कीड़ा मिलने की खबर फैलते ही अन्य ग्राहक भी सतर्क हो गए। पीड़ित पक्ष और मौजूद लोगों ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख रेस्टोरेंट के मैनेजर और स्टाफ ने गलती स्वीकार करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी, जिसके बाद मामला शांत हुआ और ग्राहक वहां से चले गए।
श्रद्धालुओं की सेहत से खिलवाड़?
पीड़ित शैलेश तिवारी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि स्टेशन रोड ऐसा क्षेत्र है जहां बड़ी संख्या में यात्री और खासकर नवरात्रि के दौरान श्रद्धालु भोजन करने आते हैं। ऐसे में नामचीन रेस्टोरेंट में इस तरह की गंदगी सामने आना बेहद चिंताजनक है और सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है।
खाद्य विभाग की भूमिका पर उठे सवाल
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि शहर के कई बड़े रेस्टोरेंट साफ-सफाई की अनदेखी कर केवल मुनाफे पर ध्यान दे रहे हैं। हालांकि अभी तक इस मामले में खाद्य विभाग में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों और वीडियो ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बड़े सवाल, जिनके जवाब जरूरी
- क्या खाद्य सुरक्षा विभाग रेस्टोरेंट्स के किचन की नियमित जांच करता है?
- क्या नवरात्रि जैसे बड़े आयोजनों से पहले विशेष गाइडलाइन जारी की गई थी?
- क्या सिर्फ माफी मांग लेने से जिम्मेदारी खत्म हो जाती है?
