आरती में मामूली धक्का बना विवाद की वजह, दो युवकों की बेरहमी से पिटाई



जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र में आरती के दौरान हुआ एक मामूली धक्का बड़े विवाद में तब्दील हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दो युवकों के साथ जमकर मारपीट की गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, बड़ी खेरमाई जैन मंदिर के पीछे पनागर निवासी दिशांत वंशकार (18) ने थाना पनागर में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि वह रिछाई क्षेत्र में काम करता है और अपने पड़ोसी प्रिंस वंशकार (17) के साथ आरती में शामिल होने गया था।

आरती के दौरान ताली बजाते समय प्रिंस का धक्का चेलू प्रजापति को लग गया। इसी बात पर चेलू प्रजापति अपने साथियों साहिल प्रजापति और सिब्बू उर्फ शिवम प्रजापति के साथ गाली-गलौज करने लगा।

कड़े से किया हमला, तीनों ने मिलकर पीटा
जब प्रिंस ने गाली देने से मना किया, तो आरोप है कि साहिल प्रजापति ने हाथ में पहने कड़े से उस पर हमला कर दिया। इसके बाद चेलू और सिब्बू ने भी हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।

इस हमले में दिशांत के कान, सिर और चेहरे पर चोटें आईं, जबकि प्रिंस के भौंह, सीने और पीठ पर गंभीर चोटें बताई गई हैं। घटना के बाद दोनों को उपचार के लिए भेजा गया।

इन धाराओं में मामला दर्ज
पनागर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(ए), 115(2), 3(5) के साथ-साथ एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(व्हीए), 3(1)(द) और 3(1)(ध) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post