संस्कारधानी के विकास को मिली रफ्तार: जबलपुर नगर निगम ने पेश किया 2166 करोड़ से अधिक का अब तक का सबसे बड़ा बजट

 



बिना कर्ज के विकास, तालाब संरक्षण से लेकर स्मार्ट सिटी सुविधाओं तक—महापौर ने रखी भविष्य की व्यापक रूपरेखा

जबलपुर। शहर को महानगर की श्रेणी में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जगत बहादुर सिंह अन्नू ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 21 अरब 66 करोड़ 27 लाख 7 हजार 820 रुपये का ऐतिहासिक बजट पेश किया। यह नगर निगम के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा आय-व्यय पत्रक है, जिसमें विकास की व्यापक योजनाओं का खाका प्रस्तुत किया गया है।

महापौर ने सदन में जानकारी देते हुए बताया कि बीते साढ़े तीन वर्षों में शहर के विकास कार्यों पर लगभग 2600 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, वहीं आगामी डेढ़ वर्षों में 3000 करोड़ रुपये के नए कार्यों का भूमिपूजन प्रस्तावित है। खास बात यह रही कि इस अवधि में नगर निगम ने कोई नया कर्ज नहीं लिया, जो आर्थिक मजबूती का संकेत माना जा रहा है।

अर्बन चैलेंज फंड: शहर के कायाकल्प की बड़ी तैयारी

शहर के समग्र विकास के लिए अर्बन चैलेंज फंड के तहत 1147 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इस राशि से प्रमुख तालाबों के संरक्षण और झुग्गी बस्तियों के पुनर्विकास पर फोकस किया जाएगा।

  • रानीताल के फ्रंट विकास और आवास के लिए 211 करोड़
  • माढ़ोताल के लिए 15 करोड़
  • गोकलपुर तालाब के लिए 47 करोड़
  • चंडालभाटा बस्ती विकास के लिए 181 करोड़
  • संपत्तियों के मुद्रीकरण हेतु 246 करोड़

जलापूर्ति सुधार के लिए 45 करोड़ और सीवर नेटवर्क विस्तार के लिए 397 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं 755 करोड़ की लागत से नई सीवर लाइनें बिछाई जाएंगी।

जल प्रबंधन और आपदा नियंत्रण पर विशेष फोकस

बजट में 222 करोड़ रुपये की विशेष योजना बाढ़ नियंत्रण और जल संरक्षण के लिए रखी गई है।

  • 100 करोड़ से नालों का निर्माण और सुधार
  • 3.63 करोड़ से फ्लड अर्ली वार्निंग सिस्टम
  • 20 करोड़ से रेन वॉटर हार्वेस्टिंग
  • 25 करोड़ से जल भंडारण प्रणाली
  • 42.57 करोड़ से तालाबों का गहरीकरण

इसके अलावा, जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए मोबाइल पंपिंग स्टेशन और तकनीकी प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की जाएगी।

पर्यावरण, ट्रांसपोर्ट और स्मार्ट सुविधाओं का विस्तार

शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए 12 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

  • 64 नए पार्किंग स्थल
  • 200 करोड़ से बायोगैस प्लांट
  • 100 नई कचरा गाड़ियां
  • वेस्ट टू एनर्जी प्लांट से 900 टन कचरे का निस्तारण

सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए 100 एसी बसें चलाई जाएंगी। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए डुमना नेचर पार्क में फाइव स्टार रिसोर्ट और फिल्म सिटी का निर्माण प्रस्तावित है। हनुमानताल, अधारताल और गंगासागर जैसे प्रमुख तालाबों के सौंदर्यीकरण पर 15.30 करोड़ खर्च किए जाएंगे।

जनहित योजनाओं में बड़ा विस्तार

हर वार्ड में विकास कार्यों के लिए 90-90 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं।

  • नगर निगम स्कूलों के स्मार्ट भवन निर्माण
  • हर घर नर्मदा जल योजना के तहत 312 करोड़ का प्रोजेक्ट
  • मुक्तिधाम और कब्रिस्तान सुधार के लिए 15 करोड़

सफाई मित्रों के वेतन में बड़ा इजाफा करते हुए 9000 से बढ़ाकर 21000 रुपये किया गया है। सामाजिक योजनाओं के तहत मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में 200 जोड़ों का विवाह और प्रधानमंत्री आवास योजना में 6523 आवास निर्माण का लक्ष्य रखा गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post