बेकाबू कार ने बच्चों व महिला को भी मारी टक्कर, दो अलग-अलग हादसों से शहर में दहशत
जबलपुर। शहर में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की ललित कॉलोनी में सोमवार सुबह एक बेकाबू कार ने ऐसा कोहराम मचाया कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला और दो बच्चे घायल हो गए। वहीं, कैंट थाना क्षेत्र के पेंटीनाका में हुए एक अन्य सड़क हादसे में बुजुर्ग की जान चली गई।
ललित कॉलोनी में दर्दनाक हादसा, युवक की मौके पर मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार सुबह करीब 10 बजे तेज रफ्तार कार ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी, इसके बाद सड़क किनारे मौजूद दो बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद भी कार नहीं रुकी और दुकान के बाहर बैठकर अखबार पढ़ रहे विकेश उरभा को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि विकेश उरभा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं महिला और बच्चों को चोटें आई हैं। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक रोहित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पेंटीनाका में भी हादसा, बुजुर्ग ने गंवाई जान
इसी तरह कैंट थाना क्षेत्र के पेंटीनाका के पास हुए सड़क हादसे में 67 वर्षीय राजकुमार करयार की मौत हो गई। वह अनुराधा कॉलोनी, धोबीघाट गोराबाजार के निवासी थे।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात करीब 12 बजे दुर्घटना में घायल होने के बाद कुछ अज्ञात लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे थे। बाद में उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रात करीब 2 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
