कोतवाली पुलिस की दबिश में 35 कार्टून विदेशी शराब और 12 कार्टून बीयर बरामद, कुख्यात आरोपी गिरफ्तार
मैहर। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मैहर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर चंडीगंज कटरा मोहल्ला स्थित एक मकान में दबिश देकर करीब 4 लाख 50 हजार रुपये कीमत की देशी-विदेशी शराब और बीयर जब्त की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक कुख्यात आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 29 मार्च को सूचना मिली थी कि चंडीगंज कटरा निवासी रिंकू वर्मन (34) अपने घर को गोदाम बनाकर अवैध शराब का भंडारण कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. चंचल नागर के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। नगर पुलिस अधीक्षक महेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर छापा मारा।
घर के अंदर शराब का ‘खजाना’, पुलिस भी रह गई दंग
तलाशी के दौरान घर के अंदर का नजारा देख पुलिस टीम भी हैरान रह गई। आरोपी ने अलग-अलग ब्रांड की महंगी शराब बड़ी मात्रा में छिपाकर रखी थी।
बरामद सामग्री में शामिल:
विदेशी शराब: 35 कार्टून (323 बल्क लीटर)
मैकडॉवल, 8PM, गोवा, बैगपाइपर, ऑफिसर च्वाइस, मैजिक मोमेंट वोडका, रम
बीयर: 12 कार्टून (148 लीटर)
किंगफिशर, बडवाइजर, अल्ट्रा, लेमाउंट
आदतन अपराधी निकला आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी रिंकू वर्मन पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है। उसके खिलाफ अवैध शराब तस्करी, जुआ-सट्टा और रंगदारी जैसे कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही अब यह जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाई गई और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस टीम की सराहना, कारोबारियों में हड़कंप
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी वंदना गर्ग, उपनिरीक्षक बी.पी. वर्मा सहित कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।
