कोनी घाट में दर्दनाक हादसा: नहाने गए किशोर की डूबने से मौत



 जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत हिरण नदी के कोनी घाट पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां नहाने गए 15 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुष्पेंद्र नामक किशोर अपने साथियों के साथ कोनी घाट में नहाने गया था। नहाते समय वह अनजाने में गहरे पानी की ओर चला गया और अचानक डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी की अधिक गहराई के कारण वे सफल नहीं हो सके।

घटना से घबराए साथियों ने तुरंत गांव पहुंचकर परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी में तलाश शुरू की। काफी प्रयासों के बाद पुष्पेंद्र को बाहर निकाला गया और तत्काल पाटन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पाटन पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post