घरेलू विवाद ने ली जान: 16 वर्षीय बेटे ने पिता पर चाकू से किया हमला, मौत




शराब के नशे में विवाद के दौरान हुआ घटनाक्रम, पुलिस ने किशोर को लिया अभिरक्षा में

जबलपुर। शहर के बरेला थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और 16 वर्षीय किशोर ने अपने ही पिता की जान ले ली।

जानकारी के अनुसार, घटना देर रात की है, जब विक्टोरिया अस्पताल में एक व्यक्ति की मौत की सूचना पर पुलिस पहुंची। थाना प्रभारी शुभम सिंह ठाकुर के मुताबिक, मौके पर मौजूद 40 वर्षीय महिला ने बताया कि मृतक की पहली पत्नी की मौत हो चुकी थी और वह उसे अपने साथ पत्नी के रूप में रख रहा था।

महिला के अनुसार, रात करीब 10 बजे मृतक शराब के नशे में घरेलू बातों को लेकर उससे विवाद करने लगा और गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान मृतक की पहली पत्नी का 16 वर्षीय बेटा बीच-बचाव करने आया और पिता को गाली देने से मना किया।

बताया जा रहा है कि इस बात से नाराज होकर पिता ने किशोर को धक्का दे दिया। इससे आक्रोशित होकर किशोर ने घर में रखे चाकू से पिता के सीने पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर ग्रामीण उप पुलिस अधीक्षक आकांक्षा उपाध्याय और वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी नीता जैन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी 16 वर्षीय विधि विवादित बालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे अभिरक्षा में ले लिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post