मंडला के घुघरी थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा, बस ड्राइवर गंभीर; ग्रामीणों और पुलिस ने संभाला मोर्चा
मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले के घुघरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उमरिया के पास सोमवार 30 मार्च की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर और यात्री बस की आमने-सामने टक्कर में 24 से अधिक यात्री घायल हो गए, जबकि बस चालक को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यात्री बस अपने निर्धारित मार्ग पर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने नियंत्रण खो दिया और बस से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद यात्रियों में दहशत फैल गई और मदद के लिए चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना देर किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर घायलों को बस से बाहर निकाला और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी
सभी घायलों को निजी वाहनों और एंबुलेंस की मदद से घुघरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। गंभीर रूप से घायल बस चालक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही घुघरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को बहाल कराया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
