जबलपुर। होली खेलने के बाद दोस्तों के साथ बरगी डेम पहुंचे एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना बुधवार दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है। युवक अपने साथियों के साथ जीरो पॉइंट पहुंचा था, जहां नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और संतुलन बिगड़ने से डूब गया।
मिली जानकारी के अनुसार जैन मंदिर के पीछे रहने वाला शैलेश नेमा (25) अपने दोस्तों के साथ होली खेलने के बाद बरगी डेम के जीरो पॉइंट पर पहुंचा था। नहाने के दौरान वह धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर बढ़ गया। फिसलन भरे पत्थरों और पानी की अधिक गहराई के कारण उसके साथी उसे बचा नहीं सके और देखते ही देखते वह पानी में समा गया।
घटना की सूचना मिलते ही जीरो पॉइंट पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। बरगी नगर पुलिस चौकी प्रभारी सरिता पटेल मौके पर पहुंचीं और मुख्यालय से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने देर शाम तक डेम में सर्च अभियान चलाया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। गुरुवार को भी युवक की तलाश के लिए अभियान जारी रखा गया है।
घटना से आक्रोशित परिजनों ने घाट पर नारेबाजी करते हुए प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। इसके बाद वे पुलिस चौकी पहुंचे और धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर सीएसपी अंजुल मिश्रा और थाना प्रभारी नीलेश दोहरे मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरगी डेम के जीरो पॉइंट पर अक्सर युवाओं की भीड़ रहती है, लेकिन वहां सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही बैरिकेडिंग की गई है। लोगों का आरोप है कि हर साल यहां हादसे होते हैं, फिर भी स्थायी गोताखोर और सुरक्षा व्यवस्था नहीं की जा रही है।
