शराब के पैसे नहीं देने पर युवक पर चाकू से हमला, तीन आरोपी फरार



जबलपुर। थाना माढ़ोताल क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर तीन युवकों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर, गर्दन और कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित आकाश दाहिया (28) निवासी ग्राम इमलई थाना पनागर, वर्तमान में आईटीआई माढ़ोताल में रहता है। उसने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह मेहफिल बार में कुकिंग का काम करता है। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे वह अपने साले अनुराग झारिया के साथ मोटरसाइकिल से नक्षत्र नगर माढ़ोताल से अपने कमरे की ओर जा रहा था।

जैसे ही वह श्रीराम कॉलेज रोड पर पहुंचा, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उससे शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगे। आकाश द्वारा पैसे देने से मना करने पर तीनों युवक गाली-गलौज करने लगे और चाकू से हमला कर दिया।

हमले में आकाश के सिर, गर्दन और कंधे में चोटें आईं। घटना के बाद तीनों आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

माढ़ोताल पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर धारा 296बी, 115(2), 119(1), 351(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post