डिंडोरी में होली की खुशियां मातम में बदली: सड़क हादसे में दो की मौत, घरेलू विवाद में युवक ने घर में लगाई आग

 



डिंडोरी। जिले में होली का पर्व उस समय मातम में बदल गया जब अलग–अलग घटनाओं में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। एक ओर तेज रफ्तार वाहन ने घर का चिराग बुझा दिया, वहीं दूसरी ओर घरेलू विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपने ही कच्चे मकान में आग लगा दी। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है।
घरेलू विवाद के बाद घर में लगाई आग

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थिया ममता साहू, पति राजकुमार उर्फ कुंकू साहू (लगभग 35 वर्ष), निवासी बगान खेड़ा, थाना बजाग ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2010 में सामाजिक रीति–रिवाज से हुई थी और उनके दांपत्य जीवन से तीन पुत्रियां हैं।

महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका पति उस पर गलत लांछन लगाकर विवाद करता था। घटना वाले दिन भी आरोपी पति घर आया और गाली–गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। बीच-बचाव करने आई उनकी बेटी को भी चोट लग गई, जिससे उसके सिर से खून निकल आया।

महिला के मुताबिक इसके बाद आरोपी ने अपने ही घर में आग लगा दी। आगजनी में घर में रखा अनाज, कपड़े, राशन और जरूरी कागजात जलकर राख हो गए। आग से करीब एक लाख रुपये का नुकसान बताया गया है।

घटना के दौरान आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 326(ग), 296(बी), 115(2), 351(2) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार ने छीना चिराग

वहीं दूसरी घटना डिंडोरी जिले के गाड़ासरई थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार तेज गति से आ रहे एक वाहन ने पहले एक राहगीर को कुचल दिया और फिर अनियंत्रित होकर एक दुकान में जा घुसा। हादसे में मौके पर मौजूद तीन लोग उसकी चपेट में आ गए।

घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज जारी है, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार वाहन चालक नशे की हालत में तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर लिया है। चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post