जबलपुर। तिलवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत खुलरी-डुडवारा रोड पर पहाड़ी के पास स्थित तीखे मोड़ पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक का शव पूरी रात सड़क किनारे झाड़ियों में उसकी मोटर साइकिल के नीचे दबा रहा। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बरखेड़ा थाना चरगवां निवासी संजय भूमिया (40 वर्ष) मजदूरी का काम करता था। बुधवार 4 मार्च की दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी मोटर साइकिल क्रमांक MP 20 JDB 6562 से बरखेड़ा से डुडवारा अपने चाचा के लड़के से मिलने जा रहा था। इसी दौरान खुलरी और डुडवारा के बीच पहाड़ी के तीखे मोड़ पर उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई।
बाइक के नीचे दबने से तोड़ा दम
बताया जा रहा है कि हादसा इतना अचानक हुआ कि संजय संभल नहीं सका और बाइक सहित झाड़ियों में जा गिरा। भारी मोटर साइकिल उसके ऊपर ही पलट गई, जिससे वह उसके नीचे दब गया। घटनास्थल सुनसान और झाड़ियों से घिरा होने के कारण किसी राहगीर की नजर उस पर नहीं पड़ी। गंभीर चोटें लगने और समय पर मदद नहीं मिलने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
