होली की रात हादसा: ड्यूटी से लौट रहे एएसआई को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, चालक फरार

 



जबलपुर। होली के दिन ड्यूटी से घर लौट रहे एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) को अज्ञात कार चालक ने टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। घटना शहर के शास्त्री ब्रिज टॉप की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस लाइन में पदस्थ एएसआई नंदू सिंह मांडवा होली की रात करीब 10 बजे ड्यूटी समाप्त कर अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक MP 20 NK 9856 से घर लौट रहे थे। जब वे शास्त्री ब्रिज के ऊपर पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि एएसआई सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घायल एएसआई कार का नंबर भी नहीं देख पाए। वहीं मौके पर मौजूद राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए उन्हें तत्काल इलाज के लिए जबलपुर अस्पताल पहुंचाया।

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस शास्त्री ब्रिज और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर अज्ञात कार चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post