जबलपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 26 शराब तस्कर दबोचे, हजारों पाव शराब जब्त



जबलपुर। शहर के सार्वजनिक स्थानों पर शराब पिलाने और अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से बीयर, देशी-विदेशी और कच्ची शराब जब्त की गई है। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बताया कि जुआ-सट्टा, अवैध मादक पदार्थ, अवैध हथियार और अवैध शराब के कारोबार में लिप्त अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शराब पिलाने वालों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि नगर पुलिस अधीक्षकों के निर्देशन में थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पिछले 24 घंटों में आदतन अपराध करने वाले 27 आरोपियों और विवाद करने वाले 131 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

इसके अलावा कई वर्षों से फरार 3 गैरमियादी और 5 मियादी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 30 जमानती वारंट भी तामील किए गए।

पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 8 बोतल बीयर, 1466 पाव देशी एवं अंग्रेजी शराब और 48 लीटर कच्ची शराब जब्त की है। वहीं आर्म्स एक्ट के तहत 2 आरोपियों के पास से 2 चाकू भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post