जबलपुर। संजीवनीनगर थाना क्षेत्र में लूटपाट की नीयत से चाकूबाजी की वारदात सामने आई है, जहां तीन अज्ञात बदमाशों ने एक व्यापारी पर हमला कर उसे घायल कर दिया।
जानकारी के अनुसार, संजीवनीनगर निवासी 46 वर्षीय सोहनलाल साहनी गुरंदी इलाके में बिस्कुट की होलसेल दुकान संचालित करते हैं। बीती रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर वे अपनी एक्टिवा (MP 20 Y 8754) से घर लौट रहे थे।
रात करीब 9:45 बजे लाल मैदान स्थित मारुति मार्बल के पास तीन युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे। तीनों ने अपने चेहरे सफेद गमछे से ढके हुए थे। आरोपियों ने सोहनलाल को रोककर पहले पूछताछ की और फिर शराब पीने के लिए 2 हजार रुपए की मांग करने लगे।
जब व्यापारी ने पैसे देने से इंकार किया, तो पीछे बैठे युवक ने चाकू से हमला कर उनके दाहिने पैर में चोट पहुंचा दी। वारदात के बाद तीनों आरोपी मोटरसाइकिल मोड़कर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच थी, हालांकि वह वाहन का नंबर नहीं देख सके।
संजीवनीनगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 119(1) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
.jpg)