जबलपुर। मझौली क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने ही पति और एक सुनार पर मिलीभगत कर 32 तोला सोना हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। सोना वापस नहीं मिलने से परेशान महिला ने आखिरकार पुलिस की शरण ली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मझौली पुलिस के अनुसार, रामनगर निवासी रेखा राय, जो वर्तमान में अधारताल स्थित धनी की कुटिया में रह रही हैं, ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में घर की आर्थिक तंगी के चलते उन्होंने अपने पति शशिकांत साहू के साथ मिलकर प्रहलाद सोनी के यहां 32 तोला सोने के जेवर गिरवी रखकर पैसे लिए थे।
महिला के मुताबिक, वर्ष 2025 में उन्होंने 7 लाख 24 हजार रुपये की राशि वापस करने के बाद जब अपने जेवर मांगे, तो सुनार प्रहलाद सोनी ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि जेवर उनके पति शशिकांत साहू पहले ही ले जा चुके हैं। वहीं, जब महिला ने अपने पति से इस बारे में पूछताछ की, तो उसने जेवर लेने से साफ इनकार कर दिया।
रेखा राय का आरोप है कि उनके पति और सुनार ने आपसी साठगांठ कर उनके जेवर हड़प लिए हैं। इतना ही नहीं, जब भी वह जेवर वापस मांगती हैं, तो दोनों उन्हें जान से मारने की धमकी देते हैं।
पुलिस ने शिकायत की जांच के दौरान रेखा राय, शशिकांत साहू और प्रहलाद सोनी के बयान दर्ज किए हैं। महिला द्वारा प्रस्तुत नोटरी शपथ पत्र सहित अन्य दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
.jpg)