मंडला। जिले में लगातार बढ़ते तापमान और जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने आम नागरिकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। इसमें लोगों को गर्मी से बचाव और मौसमी बीमारियों से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
CMHO ने बताया कि मार्च से जुलाई तक तापमान में लगातार वृद्धि देखी जाती है, जिससे लू, डिहाइड्रेशन और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इस स्थिति से निपटने के लिए भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
एडवाइजरी में नागरिकों से अपील की गई है कि वे नशीले पदार्थों जैसे शराब, अधिक प्रोटीन युक्त भोजन और कार्बोनेटेड पेय पदार्थों से दूरी बनाए रखें। साथ ही मौसम की जानकारी के लिए रेडियो, टीवी या अन्य माध्यमों से पूर्वानुमान पर नजर रखें।
गर्मी से बचाव के लिए हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने, धूप में निकलते समय चश्मा, छाता, टोपी और जूते का उपयोग करने की सलाह दी गई है। यदि चक्कर, उल्टी, घबराहट या तेज बुखार जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत आराम करें और नजदीकी अस्पताल में चिकित्सकीय सलाह लें।
स्वास्थ्य विभाग ने यह भी कहा कि अधिक से अधिक पानी पिएं और फलों के रस में थोड़ा नमक मिलाकर सेवन करें। तरबूज, खरबूजा, संतरा, अंगूर, अनानास, ककड़ी, खीरा और हरी सब्जियों का सेवन बढ़ाएं। ओआरएस घोल, नींबू पानी, कच्चे आम का पना और छाछ जैसे पेय पदार्थों का उपयोग लाभकारी बताया गया है।
एडवाइजरी में यह भी निर्देश दिए गए हैं कि दिन के समय घर की खिड़कियां और पर्दे बंद रखें, जबकि रात में ठंडी हवा के लिए उन्हें खोलें। बाहर जाने की स्थिति में गतिविधियों को सुबह और शाम के समय तक सीमित रखने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने विशेष रूप से बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, हृदय रोग और उच्च रक्तचाप से पीड़ित व्यक्तियों को अधिक सतर्क रहने को कहा है।
.jpg)