अनाधिकृत बस पार्किंग से बाधित हो रहा था यातायात, कलेक्टर के निर्देश पर चला अभियान
जबलपुर। शहर के व्यस्ततम दीनदयाल चौराहे से चुंगी नाका चौक मार्ग पर यातायात व्यवस्था बिगाड़ने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) की टीम ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में चलाए गए इस अभियान के तहत यात्री बसों के माध्यम से रास्ता रोकने की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की गई।
प्रशासन को लगातार मिल रही शिकायतों में बताया जा रहा था कि इस प्रमुख मार्ग पर बसों को अनाधिकृत रूप से खड़ा किया जा रहा है, जिससे यातायात बाधित हो रहा है और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जांच के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने बस क्रमांक MP 40 CT 6061, MP 15 ZL 5444, MP 19 P 3100 और MP 20 PA 0501 को नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया। सभी वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 47,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
निरंतर जारी रहेगी कार्रवाई: आरटीओ
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्रीमती रिंकू शर्मा ने स्पष्ट किया कि सड़कों पर अवैध पार्किंग और यातायात में व्यवधान उत्पन्न करने वालों के खिलाफ सख्ती लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि दीनदयाल चौराहे से लेकर चुंगी नाका चौक तक सुगम और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर संचालित किया जाएगा।
.jpg)