कलेक्शन एजेंट से लूट का खुलासा: पांच आरोपी गिरफ्तार, नकदी-लैपटॉप बरामद

 


कटंगी के झगरा गांव में वारदात, ग्रामीणों की मदद से पुलिस तक पहुंची कड़ी

जबलपुर। कटंगी थाना क्षेत्र के ग्राम झगरा में कलेक्शन एजेंट के साथ हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, लैपटॉप और कंपनी के महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपी दमोह, पाटन और शहपुरा क्षेत्रों के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, दमोह जिले के ग्राम समना निवासी हेमेंद्र पटेल टीवीएस कंपनी में कलेक्शन एजेंट के पद पर कार्यरत हैं और वे दमोह व जबलपुर के आसपास किस्तों की वसूली का कार्य करते हैं। 26 मार्च को वे मोटरसाइकिल से कटंगी होते हुए दमोह लौट रहे थे।

इसी दौरान झगरा गांव के पास दो युवकों ने उन्हें रोककर पेट्रोल मांगने का बहाना बनाया। जैसे ही हेमेंद्र रुके, आरोपियों ने बाइक से पेट्रोल निकालना शुरू कर दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच तीन अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर हेमेंद्र के साथ मारपीट कर 27,500 रुपए से भरा बैग और लैपटॉप लूट लिया।

घटना के बाद पीड़ित ने राहगीरों की मदद से कटंगी थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान एक आरोपी हर्ष बर्मन को ग्रामीणों ने पहचान कर पकड़ लिया। पूछताछ में हर्ष ने अपने चार साथियों के नाम उजागर किए, जिसके बाद पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से शहर में हुई अन्य लूट की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post