जबलपुर में अवैध हथियार तस्करी का भंडाफोड़, 4 देशी पिस्टल व कारतूस सहित दो आरोपी गिरफ्तार



जबलपुर। अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पाटन पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4 देशी पिस्टल, 8 जिंदा कारतूस, 3 मोबाइल फोन और एक कार जब्त की गई है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 7 लाख रुपये आंकी गई है।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों और आपराधिक गतिविधियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी दौरान क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि काले रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में सवार दो व्यक्ति दमोह से जबलपुर की ओर अवैध हथियार लेकर आ रहे हैं।

घेराबंदी कर दबोचा
सूचना के आधार पर एसडीओपी पाटन लोकेश डाबर और क्राइम सीएसपी उदयभान बागरी के नेतृत्व में टीम गठित कर भड़या पीपल, तेंदूखेड़ा रोड पर घेराबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी में मिले हथियार
तलाशी के दौरान कार से 32 बोर की 4 देशी पिस्टल और 8 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। साथ ही 3 मोबाइल फोन और वाहन को भी जब्त कर लिया गया।

दमोह के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मयंक राजपूत (28) निवासी दमोह नाका और राहुल उर्फ सूरज सिंह लोधी (27) निवासी के.एन. कॉलेज के पास, थाना कोतवाली दमोह के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध हथियारों की यह खेप कहां से लाई गई थी और किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी।

Post a Comment

Previous Post Next Post