छत पर चल रहा था अवैध शराब का अड्डा, 1250 पाव देशी शराब के साथ दो गिरफ्तार, एक फरार



जबलपुर। अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसते हुए अधारताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 पेटियों में रखी 1250 पाव देशी शराब जब्त की है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।

थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे ने बताया कि देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांधी चौक कटरा क्षेत्र स्थित एक मकान की छत पर भारी मात्रा में अवैध शराब का भंडारण किया गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम को विवेक कोरी के मकान की छत पर नारायण जायसवाल और विवेक कोरी मिले, जबकि गौरव जायसवाल अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। तलाशी के दौरान 25 पेटियों में कुल 1250 पाव देशी शराब बरामद की गई।

पूछताछ में आरोपी नारायण जायसवाल ने बताया कि वह अपने बेटे गौरव जायसवाल के साथ मिलकर शराब बिक्री के लिए यह स्टॉक रखे हुए था। वहीं विवेक कोरी ने स्वीकार किया कि उसने अपने मकान की छत इस अवैध काम के लिए उपलब्ध कराई थी और इसके एवज में उसे पैसे मिलने थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सैमसंग और एक वीवो कंपनी का मोबाइल भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी नारायण जायसवाल (62) और विवेक कोरी (22) के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक अशोक कुमार पांडे, प्रधान आरक्षक अजीत पटेल, आरक्षक महेश कहार, अजय दीक्षित, कुलदीप साहू और विपिन यादव की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post