जबलपुर/सिवनी। भोपाल नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और सिवनी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में घुंसौर के पास देर शाम एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने एक लोडिंग ऑटो को रोककर करीब 76 किलो गांजा बरामद किया, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 20 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्कर ओडिशा से गांजा की खेप लेकर निकले हैं, जो जबलपुर होते हुए सिवनी के रास्ते विदिशा पहुंचाने की योजना में थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने टोल नाके के पास घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध लोडिंग ऑटो वहां पहुंचा, टीम ने पीछा कर वाहन को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान ऑटो से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें रामबाबू मीना (36 वर्ष), निवासी ग्राम भाटनी, विदिशा और इमरत सिंह मीना (46 वर्ष), निवासी गंज बासौदा, विदिशा शामिल हैं।
प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि इस तस्करी के पीछे किसी बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का हाथ हो सकता है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिससे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विदिशा में यह गांजा किसे सप्लाई किया जाना था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।
