सरकारी ज़मीन के रास्ते पर बवाल: दो पक्षों में खूनी संघर्ष, 7 घायल



जबलपुर। शहर के चरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बम्बावारी में सोमवार दोपहर सरकारी ज़मीन पर बने रास्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में कुल 7 लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद लक्ष्मण पटेल और कोमल पटेल के गुटों के बीच हुआ। दोपहर करीब 2:30 बजे सरकारी भूमि पर बने रास्ते के उपयोग को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे और धारदार हथियार निकल आए और जमकर मारपीट शुरू हो गई।

चरगवां थाने के एएसआई प्रकाश सिंह पटेल ने बताया कि संघर्ष में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। कोमल सिंह लोधी पक्ष से कोमल समेत 5 लोग घायल हुए हैं, जबकि लक्ष्मण सिंह और उनकी पत्नी सहित कुल 2 लोग घायल बताए गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post