जबलपुर। होली दहन की रात गढ़ा बाजार क्षेत्र में रहने वाली एक विधवा महिला पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पति की पहले ही मौत हो चुकी थी और अब उसके इकलौते जवान बेटे ने भी फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
गढ़ा थाना पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गढ़ा बाजार निवासी हेमलता कोरी ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पति का वर्ष 2006 में निधन हो चुका है। वह अपने बेटे अमित कोरी के साथ रहती थी।
बताया गया कि 3 मार्च की रात करीब 10:30 बजे अमित कोरी शराब के नशे में घर आया था। उस समय हेमलता की आंख में दर्द हो रहा था, इसलिए वह आंख में दवाई डालकर कमरे में आराम करने चली गई।
रात लगभग 11:50 बजे जब वह उठकर बाहर आई तो देखा कि उसका बेटा बाथरूम के पास वाले कमरे में छत के हुक से दुपट्टे के सहारे फांसी पर लटका हुआ था। परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
मां ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा शराब के नशे में था और उसी दौरान उसने यह कदम उठा लिया। सूचना मिलने पर गढ़ा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
