जबलपुर। शहर में होली की रात कई स्थानों पर हिंसक घटनाएं सामने आईं। सतपुला बाजार में दो अज्ञात युवकों ने एक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी आंत बाहर निकल आई। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति किसी तरह घर पहुंचा, जहां पत्नी ने हिम्मत दिखाते हुए कपड़े से आंत बांधी और उसे गोद में उठाकर तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।
घमापुर थाना पुलिस के अनुसार घायल की पहचान शंकर सिंह राजपूत उर्फ बंटी के रूप में हुई है। पुलिस को मेडिकल कॉलेज से घायल के भर्ती होने की सूचना मिली थी। घायल की पत्नी सुषमा राजपूत, निवासी जीसीएफ स्टेट घमापुर ने बताया कि 3 मार्च की रात करीब 10:30 बजे वह बच्चों के साथ घर पर थी। तभी उसके पति खून से लथपथ हालत में घर पहुंचे। उनके पेट में गहरा घाव था और आंत बाहर निकल रही थी।
शंकर सिंह ने बताया कि सतपुला बाजार में दो अज्ञात युवकों ने पेट में चाकू से तीन बार हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से हमला
वहीं रांझी के रिछाई क्षेत्र में रहने वाले शुभम मिश्रा पर पुरानी रंजिश के चलते मंगलवार रात बिसन कोल ने चाकू से हमला कर दिया। घायल को उसके जीजा जितेन्द्र दुबे ने इलाज के लिए गैलेक्सी अस्पताल में भर्ती कराया।
वकील पर बके से हमला
घमापुर के झामनदास चौक के पास मंगलवार को वकालत करने वाले आशीष प्रजापति पर नैतिक प्रजापति और उसके पिता अतीश प्रजापति ने बके से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में चोट आई। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
लाठी से हमला कर घायल किया
चरगवां थाना क्षेत्र के मुरकटिया गांव में सुरेश बर्मन पर बेड़ी बर्मन ने लाठी से हमला कर उसे घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गया।
शराब के पैसों को लेकर घर पर पथराव
गढ़ा थाना क्षेत्र के कोष्टा मोहल्ला में देवेश कुमार भांगरे के घर पर सिद्धू झारिया, छिंगा झारिया, निखिल पटेल और प्रिंस ने मारपीट करते हुए पथराव किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे, पैसे नहीं देने पर विवाद बढ़ गया और घटना हो गई।
