जबलपुर। शहर के मदन महल थाना क्षेत्र अंतर्गत गुलौआ चौक में मंगलवार सुबह महज 20 रुपए के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। होलिका दहन के अगले ही दिन सुबह-सुबह हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस प्रारंभिक तौर पर थाना सीमा को लेकर उलझी रही, जिसके चलते कार्रवाई में देरी हुई। बाद में लंबी प्रक्रिया के बाद मामला दर्ज कर लिया गया।
थाना प्रभारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान प्रवीण केवट निवासी अधारताल के रूप में हुई है, जो रिश्तेदारी में गुलौआ आया हुआ था। आरोप है कि मदन महल निवासी लकी केवट ने पैसों के मामूली विवाद को लेकर उस पर चाकू से हमला कर दिया।
घायल प्रवीण केवट ने बताया कि वह होली के अवसर पर अपने रिश्तेदार के घर आया था। मंगलवार सुबह लकी केवट वहां पहुंचा और नाश्ते के लिए 20 रुपए मांगने लगा। पैसे देने से इनकार करने पर उसने गुस्से में आकर चाकू से हमला कर दिया।
घटना के बाद घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके घर पर दबिश दी गई, लेकिन वह फरार बताया जा रहा है।
त्योहार के अगले ही दिन मामूली रकम को लेकर हुई यह हिंसक घटना शहर में रिश्तों की संवेदनशीलता और बढ़ती आपराधिक प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
