जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के गोकलपुर में सड़क दुर्घटना के बाद हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड के मुख्य आरोपी कमलेश महुबिया को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से वारदात में प्रयुक्त बाइक और खून से सना चाकू भी बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार यह घटना 9 फरवरी की है, जब सड़क पर बाइक और कार की टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने एकांत साहू नामक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की मौत हो गई थी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस जांच के दौरान सूचना मिली कि मुख्य आरोपी कमलेश महुबिया पुराने आरटीओ कार्यालय के पास छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना चाकू और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार इस जघन्य हत्याकांड में कुल 8 लोगों के शामिल होने की बात सामने आई थी। अब तक पुलिस 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। हालांकि घटना में शामिल एक अन्य आरोपी छोटू ठाकुर अभी भी फरार है।
पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार आरोपी की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले में प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर अन्य तकनीकी साक्ष्य भी जुटा रही है।
