जबलपुर। शहर के लार्डगंज थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज रानीताल हत्याकांड में अब जांच के दौरान नया मोड़ सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मृत महिला की पहचान क्षेत्र की रहने वाली मुक्तिका रांझी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस संदिग्ध प्रेमी के घर तक भी पहुंच चुकी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की संभावना है।
रविवार सुबह जैसे ही लोगों ने रानीताल इंदिरा क्षेत्र के पास एक महिला का शव पड़ा देखा, पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही लार्डगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है। महिला के गर्दन और पेट पर गंभीर घाव पाए गए हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वारदात को बेहद क्रूर तरीके से अंजाम दिया गया।
कैटरिंग का काम करती थी महिला
जांच के दौरान यह भी पता चला है कि मुक्तिका कैटरिंग के काम से जुड़ी हुई थी और शहर में अलग-अलग कार्यक्रमों में काम करती थी। पुलिस उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह?
पुलिस सूत्रों के अनुसार मुक्तिका का एक युवक से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।
सूत्रों का यह भी कहना है कि संदिग्ध युवक टेंट हाउस में काम करता है और घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस बोली – जल्द होगा खुलासा
लार्डगंज थाना प्रभारी नवीन सिंह अयाची ने बताया कि मामले की जांच तेज़ी से की जा रही है। पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं और उम्मीद है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्या की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।
