इंदौर। सोशल मीडिया की दुनिया में मशहूर इन्फ्लुएंसर ‘ओए इंदौरी’ उर्फ रॉबिन जिंदल एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह है ट्रैफिक नियमों का खुला उल्लंघन। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे बेहद लापरवाही भरे अंदाज में बुलेट बाइक चलाते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि ओए इंदौरी सबसे पहले बिना हेलमेट के अपनी रॉयल एनफील्ड बुलेट चला रहे हैं। इसके बाद वे बाइक की फ्यूल टंकी पर बैठकर फिल्मी स्टाइल में सवारी करते दिखते हैं। इतना ही नहीं, वीडियो में एक युवती को भी बुलेट की टंकी पर आगे बैठाकर स्टंट करते नजर आए हैं। पूरी घटना के दौरान न तो हेलमेट का इस्तेमाल किया गया और न ही बाइक पर नंबर प्लेट दिखाई दे रही है।
यह लापरवाही न सिर्फ खुद उनकी जान को खतरे में डाल रही है, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी बड़ा रिस्क पैदा कर रही है। ट्रैफिक नियमों के मुताबिक, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना, टंकी पर किसी को बैठाना और बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना – सभी गंभीर अपराध हैं, जिन पर भारी जुर्माना और चालानी कार्रवाई हो सकती है।
