बिना नम्बर की लग्जरी कार में शराब तस्करी का खुलासा, सिवनी पुलिस ने चार लाख की शराब के साथ कारोबारी को दबोचा




जबलपुर/सिवनी। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से बिना नम्बर की लग्जरी कार में लाखों रुपए की अवैध शराब लेकर जबलपुर के लिए निकले तस्करों को सिवनी पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने कार की तलाशी के दौरान करीब चार लाख रुपए की शराब बरामद करते हुए एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार छिंदवाड़ा से बिना नम्बर की बलेनो कार में करीब चार लाख रुपए की शराब लोड कर तस्कर जबलपुर की ओर रवाना हुआ था। इसकी सूचना मिलते ही सिवनी पुलिस सतर्क हो गई और शहर में घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।

बताया गया कि पुलिस ने द ग्रैंड रॉयल होटल के सामने वाहन चेकिंग लगाई हुई थी। इसी दौरान संदिग्ध बलेनो कार वहां पहुंची, जिसे रोककर पुलिस ने चालक से पूछताछ की और कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से शराब की पेटियां और थैलियां बरामद हुईं।

पुलिस ने मौके पर ही पूरी शराब जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह यह शराब जबलपुर और सिवनी में किन लोगों को सप्लाई करने जा रहा था। मामले में आगे की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post