क्रिकेट जीत के जश्न में मर्यादा भूले युवक: मालवीय चौक पर पंडित मदनमोहन मालवीय की प्रतिमा पर चढ़े, पुलिस से झूमाझटकी



जबलपुर। शहर के मालवीय चौक पर रविवार रात भारतीय क्रिकेट टीम की जीत का जश्न मनाने पहुंचे कुछ युवकों ने मर्यादा की सभी सीमाएं लांघ दीं। जीत के उत्साह में इन युवकों ने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और शिक्षाविद पंडित मदनमोहन मालवीय की प्रतिमा के साथ अभद्र व्यवहार किया। युवक जूते पहनकर प्रतिमा पर चढ़ गए और उसके शीर्ष भाग पर बैठकर हंगामा करने लगे।

घटनाक्रम के अनुसार रविवार रात मैच में भारत की जीत के बाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जश्न का माहौल था। इसी दौरान कुछ युवक मालवीय चौक पहुंचे और वहां स्थापित पंडित मदनमोहन मालवीय की आदमकद प्रतिमा पर चढ़ गए। वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक जूते पहने हुए प्रतिमा के सिर पर बैठकर शोर-शराबा कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद शहर के नागरिकों और सामाजिक संगठनों में भारी रोष व्याप्त है और इसे शहर की सांस्कृतिक गरिमा पर आघात बताया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब पुलिस ने युवकों को रोकने का प्रयास किया तो कुछ हुड़दंगियों ने पुलिसकर्मियों से झूमाझटकी की और उनकी वर्दी तक फाड़ दी। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

उल्लेखनीय है कि पंडित मदनमोहन मालवीय बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के संस्थापक और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के चार बार अध्यक्ष रहे थे। उनके जैसे महान व्यक्तित्व के प्रति इस प्रकार का अनादर सामने आने के बाद सामाजिक संगठनों ने पुलिस प्रशासन से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post