गैस संकट के बीच छात्राओं को राहत, हॉस्टल पहुँचे इलेक्ट्रॉनिक चूल्हे

 


कटनी : रसोई गैस सिलेंडरों की किल्लत से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है.उपभोक्ताओं को सिलेंडर के लिए घंटों इंतजार और लंबी कतारों का सामना करना पड़ रहा है.इस संकट का असर अब शैक्षणिक संस्थानों और छात्रावासों पर भी दिखने लगा है, जहां छात्राओं को भोजन पकाने में भारी असुविधा हो रही है.

इस स्थिति के बीच, मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस ने छात्राओं की मदद के लिए पहल की है.महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने शासकीय छात्रावासों में इलेक्ट्रॉनिक इंडक्शन चूल्हे भेंट किए.यह कदम न केवल छात्राओं की समस्या का समाधान करने के उद्देश्य से उठाया गया, बल्कि केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए गए.

 महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया के आह्वान पर चलाए जा रहे सेवा अभियान से प्रेरित होकर, स्थानीय कांग्रेस नेत्री सौम्या रंधेलिया ने अपने युवा साथियों के साथ शासकीय अनुसूचित जनजाति गर्ल्स हॉस्टल, कटनी का दौरा किया। गैस सिलेंडर न होने के कारण परेशान हो रही छात्राओं की समस्या को देखते हुए, कांग्रेस टीम ने हॉस्टल को इंडक्शन चूल्हा भेंट किया.

 सौम्या रंधेलिया ने कहा कि जब सरकारें बुनियादी सुविधाएं देने में विफल होती हैं, तब सामाजिक उत्तरदायित्व बढ़ जाता है.उन्होंने कहा कि यह छोटा सा प्रयास छात्राओं की पढ़ाई और खान-पान में बाधा न आने देने के लिए किया गया है.

 गैस संकट पर कांग्रेस का सरकार पर तीखा हमला

 इस अवसर पर युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव ने सरकार की नीतियों पर तीखा हमला किया.उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पहले देश को गैस की कमी न होने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज स्थिति इसके विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की संवेदनहीनता के कारण देशभर में गैस का कृत्रिम संकट पैदा हो गया है और सिलेंडरों की कालाबाजारी चरम पर है.

Post a Comment

Previous Post Next Post