प्रेम त्रिकोण का खूनी अंजाम: बीच-बचाव करने वाले किशोर की हत्या, दो घायल



मदनमहल स्टेशन के पास देर रात हुई हिंसक झड़प, पुराने रिश्ते की रंजिश बनी वारदात की वजह

जबलपुर। शहर के मदनमहल थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात प्रेम संबंधों से उपजे विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। दो युवकों के बीच चल रही रंजिश में एक 17 वर्षीय किशोर की जान चली गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक किशोर केवल विवाद सुलझाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसे ही हमलावरों ने निशाना बना दिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि पूरे घटनाक्रम के केंद्र में घमापुर के लाल मिट्टी निवासी 22 वर्षीय क्रिश कुमार, बेदी नगर निवासी यशराज और एक युवती के बीच चल रहा प्रेम विवाद है। जानकारी के अनुसार, क्रिश और युवती के बीच पिछले दो वर्षों से संबंध थे, लेकिन कुछ समय पहले दोनों का रिश्ता खत्म हो गया। इसके बाद युवती की सोशल मीडिया के जरिए यशराज से नजदीकियां बढ़ीं, जो जल्द ही प्रेम संबंध में बदल गईं।

बताया जा रहा है कि क्रिश इस नए रिश्ते से नाराज था और युवती पर पुराने संबंध फिर से शुरू करने का दबाव बना रहा था। शुक्रवार को गौरीघाट में जवारे विसर्जन के दौरान क्रिश और युवती के बीच तीखी बहस हो गई। इसके बाद युवती ने यशराज को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी, जिससे दोनों युवकों के बीच विवाद और बढ़ गया।

फोन पर हुई कहासुनी के बाद दोनों पक्षों ने मदनमहल स्टेशन के पास मिलने का समय तय किया। तय स्थान पर पहुंचे युवकों के बीच पहले गाली-गलौज हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान वहां मौजूद 17 वर्षीय किशोर ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

गंभीर चोट लगने के कारण किशोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, हमले में क्रिश और उसका एक अन्य साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post