1 अप्रैल को एनुअल क्लोजिंग, 3 को गुड फ्राइडे और 14 को अंबेडकर जयंती—जानिए कब-कब नहीं होंगे बैंकिंग काम
भोपाल। अप्रैल 2026 की शुरुआत के साथ ही बैंकिंग सेवाओं पर छुट्टियों का असर साफ दिखाई देगा। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया और मध्य प्रदेश शासन के अवकाश कैलेंडर के अनुसार इस महीने कई दिन बैंक बंद रहेंगे, जिससे आम लोगों को अपने जरूरी काम पहले से निपटाने की सलाह दी जा रही है।
महीने की शुरुआत 1 अप्रैल (बुधवार) से ही बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ेगा। इस दिन एनुअल क्लोजिंग के कारण बैंकों में पब्लिक डीलिंग पूरी तरह बंद रहेगी। हालांकि बैंक कर्मचारी अंदरूनी कामकाज जैसे लेखा-जोखा और बैलेंस क्लोजिंग में व्यस्त रहेंगे, लेकिन ग्राहकों के लिए काउंटर सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी।
इसके बाद 3 अप्रैल (शुक्रवार) को गुड फ्राइडे के अवसर पर सभी बैंक बंद रहेंगे। वहीं 14 अप्रैल (मंगलवार) को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के चलते प्रदेशभर में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
अप्रैल महीने में साप्ताहिक अवकाश भी बैंकिंग सेवाओं को प्रभावित करेंगे। इस दौरान 5, 12, 19 और 26 अप्रैल को रविवार के कारण बैंक बंद रहेंगे। साथ ही 11 अप्रैल (दूसरा शनिवार) और 25 अप्रैल (चौथा शनिवार) को भी बैंकों में कामकाज नहीं होगा।
धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी यह महीना खास है। 19 अप्रैल को महर्षि परशुराम जयंती और अक्षय तृतीया का पर्व मनाया जाएगा, हालांकि यह दिन रविवार होने के कारण अलग से अवकाश नहीं जोड़ा जाएगा।
