रांझी क्षेत्र में 6 आरोपी पकड़े जा चुके, अधिकतर ने ऑनलाइन मंगाए थे हथियार
जबलपुर। शहर में तेजी से बढ़ती चाकूबाजी की घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। खास बात यह है कि इन वारदातों में इस्तेमाल हो रहे चाकू अब युवाओं को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे कानून-व्यवस्था के लिए नई चुनौती खड़ी हो गई है।
इसी कड़ी में रांझी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन निर्माणी जबलपुर (वीएफजे) इस्टेट के खंडहर भवनों में दबिश दी। यहां से कार्तिक वंशकार और गणेश वंशकार नामक दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास से 5 से 6 बटनदार ‘चाइना चाकू’ बरामद किए गए हैं।
थाना प्रभारी उमेश गोहलानी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी झंडा चौक क्षेत्र में चाकू लेकर घूम रहे हैं और इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ लिया। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रांझी थाना क्षेत्र में जनवरी से अब तक करीब आधा दर्जन आरोपियों को इसी तरह के चाइना चाकू के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है। प्रारंभिक पूछताछ में यह तथ्य सामने आया है कि अधिकतर आरोपी इन धारदार हथियारों को ऑनलाइन माध्यम से मंगा रहे थे।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर किन प्लेटफॉर्म्स के जरिए ये चाकू सप्लाई हो रहे हैं और इनके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं।
