महावीर जयंती अवकाश में बदलाव: अब 30 मार्च को रहेगा सार्वजनिक अवकाश, 31 मार्च को खुलेंगे कार्यालय



कलेक्टर राघवेंद्र सिंह का आदेश जारी, शासन के निर्देश और जनभावनाओं को ध्यान में लेकर लिया गया निर्णय

जबलपुर। महावीर जयंती के उपलक्ष्य में घोषित सार्वजनिक अवकाश की तिथि में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण संशोधन किया है। जिला कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी राघवेंद्र सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब जबलपुर जिले में 30 मार्च 2026, सोमवार को सार्वजनिक अवकाश रहेगा।

यह निर्णय मध्यप्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय भोपाल के पत्र क्रमांक एफ 3-1/2025/एफ चार दिनांक 29 मार्च 2026 के अनुपालन में लिया गया है। प्रशासन ने स्थानीय परिस्थितियों और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए पूर्व निर्धारित अवकाश तिथि में बदलाव किया है।

पूर्व में कैलेंडर वर्ष 2026 के अनुसार महावीर जयंती का अवकाश 31 मार्च 2026, मंगलवार को घोषित था, जिसे अब निरस्त कर दिया गया है। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश क्रमांक 1920/स.अ.(का.)/2026 के मुताबिक 31 मार्च को जिले के सभी शासकीय कार्यालय एवं संस्थाएं सामान्य रूप से संचालित होंगी।

यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। आदेश की प्रतिलिपि सामान्य प्रशासन विभाग, राजस्व विभाग, महालेखाकार ग्वालियर, रजिस्ट्रार उच्च न्यायालय जबलपुर और राजस्व मंडल ग्वालियर सहित संभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post