आयशर ट्रक की आशंका, टक्कर के बाद चालक फरार; पुलिस ने शुरू की तलाश
जबलपुर।रविवार को पाटन-शहपुरा मार्ग पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 वर्षीय शुभम मेहरा अपनी बाइक से जा रहा था, तभी तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़ा और कुछ ही पलों में उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर मारने वाला वाहन आयशर ट्रक बताया जा रहा है। हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया।
घटना के चश्मदीद आर.एस. ठाकुर ने बताया कि दुर्घटना बेहद भयावह थी और टक्कर इतनी तेज थी कि युवक को बचने का कोई अवसर नहीं मिला।
सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार वाहन और उसके चालक की तलाश तेज कर दी है।
