महू। मध्यप्रदेश के महू क्षेत्र में अवलीपुरा मानपुर स्थित एक फार्म हाउस में संचालित हो रहे बड़े जुआं फड़ पर पुलिस ने दबिश देकर 18 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 13 लाख 67 हजार 971 रुपये नकद सहित ताश की गड्डियां, मोबाइल फोन और दो कारें जब्त की हैं। जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत करीब 28 लाख 67 हजार 971 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ग्राम अवलीपुरा स्थित कोठी निवास फार्म हाउस में बड़े पैमाने पर जुआं फड़ संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने फार्म हाउस पर दबिश दी। मौके पर पहुंचने पर फार्म हाउस का मुख्य गेट बाहर से बंद मिला, लेकिन अंदर से लोगों की आवाजें आ रही थीं। इसके बाद पुलिस ने फार्म हाउस के पीछे की ओर से अंदर प्रवेश किया।
अंदर बरामदे में तेज रोशनी के बीच कुछ लोग ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेलते मिले। पुलिस को देखते ही जुआरियों में भगदड़ मच गई। इस दौरान 5 जुआरी मौके से भागने में सफल हो गए, जबकि पुलिस ने 18 लोगों को मौके से पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 लाख 67 हजार 971 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते, 10 नई ताश की गड्डियां, 30 मोबाइल फोन और दो कारें जब्त की हैं।
जानकारी के अनुसार जिस फार्म हाउस पर जुआं फड़ पकड़ा गया है, वह IAS अधिकारी वंदना वैद्य और उनके पति अमरीश वैद्य के नाम पर बताया जा रहा है। दोनों पूर्व में जबलपुर में डिप्टी कलेक्टर के पद पर पदस्थ रह चुके हैं। वर्तमान में वंदना वैद्य वित्त विकास निगम इंदौर में प्रबंध संचालक के पद पर पदस्थ हैं।आईएएस अधिकारी के नाम से जुड़े फार्म हाउस में जुआं फड़ पकड़े जाने की घटना प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
